यह पावन धाम सदियों से करोड़ों श्रद्धालुओं की अटूट श्रद्धा का केंद्र रहा है। आइए, हम सभी मिलकर अपनी इस अमूल्य धरोहर को संरक्षित करें, स्वच्छ रखें और आने वाली पीढ़ियों तक इसकी गौरवशाली विरासत को पहुँचाएँ।
आगामी श्रावण मास मेला-2026 के दृष्टिगत जिलाधिकारी अस्मिता लाल एवं पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने प्रसिद्ध परशुरामेश्वर पुरा महादेव मंदिर का भ्रमण कर मेला परिसर एवं विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु, सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से संचालित की जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी आवश्यक प्रबंध समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय स्थापित करते हुए मेला अवधि के दौरान सतर्कता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा।
श्रावण मास की तैयारियों के क्रम में जनपद की विभिन्न सीमाओं से परशुरामेश्वर पुरा महादेव मंदिर की ओर आने वाले प्रमुख मार्गों पर मंदिर की थीम पर आधारित आकर्षक साइनेज बोर्ड स्थापित किए गए हैं। इन बोर्डों पर “परशुरामेश्वर पुरा महादेव मंदिर, जनपद बागपत में आपका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है” संदेश अंकित किया गया है।
इसके अतिरिक्त कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर दिशा-सूचक साइनेज बोर्ड भी लगाए गए हैं, जिन पर मंदिर तक पहुंचने की दिशा एवं शेष दूरी स्पष्ट रूप से दर्शाई गई है, जिससे श्रद्धालुओं की यात्रा सरल एवं सुगम हो सके। सभी साइनेज बोर्डों पर कांवड़ यात्रा ऐप का क्यूआर कोड भी अंकित किया गया है, जिसे स्कैन कर श्रद्धालु यात्रा से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि श्रावण मास मेला-2026 को भव्य, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालु हितैषी बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर समीक्षा, स्थलीय निरीक्षण एवं व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग की जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि लाखों शिवभक्तों को बेहतर सुविधाओं के साथ एक स्वच्छ, सुरक्षित और यादगार धार्मिक अनुभव प्राप्त हो।
परशुरामेश्वर पुरा महादेव मंदिर पर लगने वाले ऐतिहासिक श्रावण मास मेला-2026 एवं कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज पुलिस लाइन बागपत स्थित नटराज हॉल में जिलाधिकारी अस्मिता लाल एवं पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने एक महत्वपूर्ण समन्वय गोष्ठी आयोजित की । गोष्ठी में पुरा महादेव मंदिर समिति के पदाधिकारी, कांवड़ शिविर संचालक, डीजे संचालक, जनपद के संभ्रांत नागरिक तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में श्रावण मास मेला एवं कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात, स्वच्छता एवं बेहतर व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कांवड़ शिविर संचालकों को निर्देशित किया कि शिविरों में श्रद्धालुओं को गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, विद्युत सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने डीजे संचालकों को शासन एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करने के निर्देश दिए तथा कहा कि ध्वनि स्तर एवं अन्य मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी शिविर संचालकों एवं आयोजकों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।