मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत बागपत में 149 जोड़ों का गरिमापूर्ण विवाह सम्पन्न दिनांक 22 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद बागपत में उज्ज्वला पैलेस, बड़ौत में 149 जोड़ों (110 हिंदू विवाह एवं 39 मुस्लिम निकाह) का गरिमापूर्ण एवं उत्सवपूर्ण वातावरण में विवाह सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के वन, पर्यावरण एवं जन्तु उद्यान राज्य मंत्री श्री के.पी. मलिक रहे। जिलाधिकारी सुश्री अस्मिता लाल के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस समारोह में मुख्य विकास अधिकारी श्री अनिल कुमार सिंह, परियोजना निदेशक श्री राहुल वर्मा, उप जिलाधिकारी (बड़ौत) सुश्री भावना सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती नीलम सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने सहभागिता कर नवदंपतियों को शुभाशीष प्रदान किया।
समारोह की सबसे विशेष पहचान “आठवां वचन” रहा, जिसके माध्यम से सभी नवदंपतियों ने बेटी सम्मान, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। यह अभिनव पहल विवाह जैसे पावन संस्कार को सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ने का प्रेरणादायी प्रयास बनी, जिसकी सभी उपस्थित अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सराहना की।
योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र नवदंपति को ₹1 लाख की सहायता, गृहस्थी के लिए आवश्यक उपयोगी सामग्री तथा सम्मानपूर्वक नए जीवन की शुरुआत का अवसर प्रदान किया गया। आकर्षक सजावट, उत्कृष्ट व्यवस्थाओं, भारतीय संस्कृति के अनुरूप आत्मीय आतिथ्य और गंगा-जमुनी तहज़ीब की सुंदर झलक ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया। बागपत प्रशासन की यह अभिनव पहल प्रदेश के लिए एक प्रेरणादायी मॉडल के रूप में उभरकर सामने आई।
कार्यक्रम से सम्बंधित फोटो और विडियो देखने के लिए क्लिक करे
